
Rajasthan roadways: रोडवेज पर श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जयपुर। राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाईज यूनियन के आह्वान पर सैंकड़ों कर्मचारियों ने गुरुवार को जयपुर में रोडवेज मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज प्रबंधन पर श्रम कानूनों के उल्लंघन, अधिकारियों पर भ्रष्टाचार एवं अनुचित कार्यों को संरक्षण, साधारण कर्मचारियों को प्रताड़ित करने तथा प्रतिरोध करने वाले श्रम संघ पदाधिकारियों का बदले की भावना से दूर दराज तबादला करने के आरोप लगाकर आक्रोश जताया। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एमएल यादव ने बताया कि एक ओर रोडवेज प्रबन्धन सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के बारे में समय-समय पर प्रस्तुत ज्ञापनों पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है तथा दूसरी तरफ संवाद से ही मुंह मोडकर गैर जवाबदेही का रवैया अपनाए हुए है। चालकों एवं परिचालकों को नाइट हाउट अलाउन्स-डे आउट अलाउन्स के भुगतान के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय की पालना नहीं करने पर यूनियन की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर करने के कारण यूनियन के तीन प्रदेश पदाधिकारियों के दूर दराज स्थानान्तरण कर दिये गये हैं। रोडवेज के उच्च प्रबन्धन की ओर से श्रम कानूनों के विपरीत आदेश जारी करके वाहन संचालन व्यवस्था से जुड़े सेवारत एवं सेवानिवृत्त चालकों, परिचालकों, तकनीकी कर्मचारियों एवं यातायात कर्मचारियों को कानूनन देय अधिश्रम भत्ते, साप्ताहिक अवकाश तथा जीएच. आदि के भुगतानों से नकारा जा रहा है। यूनियन के महासचिव धर्मवीर चौधरी ने रोडवेज प्रबन्धन से मांग की है कि सभी लम्बित ज्ञापनों की मांगों का समाधान किया जाए। विरोध प्रदर्शन को एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आनन्द चौधरी, महासचिव हरगोविन्द शर्मा के अलावा एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष डी.के. छंगाणी एवं प्रदेश महासचिव कुणाल रावत ने सम्बोधित किया।
0 Response to "Rajasthan roadways: रोडवेज पर श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगा कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन"
एक टिप्पणी भेजें