ACB डूंगरपुर: 1 लाख की रिश्वत लेते एएसआई और पूर्व पार्षद गिरफ्तार
मंगलवार, 5 मई 2026
Comment
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बुधवार को डूंगरपुर में एक बड़ी कार्यवाही करते हुए साइबर पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक मदनलाल और उनके लिए दलाली कर रहे पूर्व पार्षद डायालाल पाटीदार को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। ब्यूरो महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एएसआई मदनलाल उसे और उसके परिवार को धोखाधड़ी के मामले में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखा रहा था। एएसआई ने परिवादी की बेटी और दामाद का नाम मुकदमें से निकालने तथा केस में मदद करने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें दलाल डायालाल के माध्यम से 1 लाख रुपए के लेनदेन की बात तय हुई।
इस पर उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और दलाल को एएसआई के लिए 1 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। इसके तुरंत बाद एएसआई मदनलाल को भी पकड़ लिया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है।
0 Response to "ACB डूंगरपुर: 1 लाख की रिश्वत लेते एएसआई और पूर्व पार्षद गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें