Rajasthan: रिश्वतखोर कांस्टेबल ने एसीबी टीम पर चढ़ाई गाड़ी, एक कर्मी गंभीर घायल
शनिवार, 11 अप्रैल 2026
Comment
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम पर शुक्रवार को झुंझुनूं में कार्रवाई के दौरान जानलेवा हमला हुआ। चिड़ावा थाने में तैनात एक रिश्वतखोर कांस्टेबल ने पकड़े जाने के डर से सरकारी वाहन को तेज गति से चलाते हुए एसीबी की टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले में एसीबी का एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि आरोपी कांस्टेबल रिश्वत की राशि लेकर फरार हो गया।
क्या है पूरा मामला?
एसीबी के अनुसार, जयपुर की एसआईडब्ल्यू इकाई को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि पुलिस थाना चिड़ावा में तैनात कांस्टेबल चालक अनिल कुमार ने उसकी सूखी लकड़ियों से भरी पिकअप को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत ली है व 6 हजार रुपए और मांग रहा है। एसीबी ने जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी ने थाना वाहन को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए एसीबी टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। इस दौरान बचाव करते समय कांस्टेबल लक्ष्मी नारायण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुए कई मुकदमें
आरोपी कांस्टेबल अनिल कुमार के विरुद्ध पुलिस थाना चिड़ावा में राजकार्य में बाधा डालने, जानबूझकर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर एसीबी कर्मी को गंभीर शारीरिक क्षति पहुंचाने तथा जीवन को संकट में डालने संबंधी प्रकरण दर्ज करवाया गया है। कार्रवाई को एसीबी के उपमहानिरीक्षक अनिल कुमार कयाल के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत व उप अधीक्षक सुरेन्द्र पंचोली की टीम ने अंजाम दिया।
0 Response to "Rajasthan: रिश्वतखोर कांस्टेबल ने एसीबी टीम पर चढ़ाई गाड़ी, एक कर्मी गंभीर घायल"
एक टिप्पणी भेजें