OperationBhagwanVishnu: जयपुर में प्राचीन सोने की मूर्ति का झांसा देकर ठगी करने वाला दबोचा
गुरुवार, 10 सितंबर 2026
Comment
अष्टधातु के विग्रह को सोने का बताकर बेचने आया आरोपी गिरफ्तार, 3.10 लाख में सौदा कर बिछाया जाल, रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
° दोनों धर्म के लोगों में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश विफल
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश भर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक महत्वपूर्ण सफलता राजस्थान पुलिस को प्राप्त हुई है। राजधानी जयपुर के गलतागेट थाना क्षेत्र में सीआईडी (सीबी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने "ऑपरेशन भगवान विष्णु" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भगवान की प्राचीन दुर्लभ मूर्ति को सोने की बताकर बेचने की कोशिश करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 इंच लंबा अष्टधातु का विग्रह बरामद किए हैं। समय रहते की गई इस कार्रवाई से दोनों धर्मों के लोगों के बीच सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास विफल हो गया।
यह संपूर्ण कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन, महानिरीक्षक पुलिस के.बी. वंदना व उपमहानिरीक्षक पुलिस राशि डोगरा डूडी के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अदिति कांवट के सुपरविजन में संपादित की गई। वहीं कार्रवाई का नेतृत्व उपनिरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा ने किया तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के साथ समन्वय स्थापित कर गलतागेट थानाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा व पुलिस जाप्ते के सहयोग से इसे अंजाम दिया गया।
*मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल*
सीआईडी-सीबी की स्पेशल टीम के सहायक उपनिरीक्षक दुष्यन्त सिंह और हेड कांस्टेबल शाहिद अली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहजाद नामक व्यक्ति के पास एक पुरानी सोने की मूर्ति उपलब्ध है और वह उसे बेचने की कोशिश कर रहा है।
सूचना को विकसित करने के बाद टीम ने आरोपी की पहचान और गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने बोगस ग्राहक बनकर आरोपी से संपर्क किया। आरोपियों ने शुरुआत में मूर्ति की कीमत 10 लाख रुपये मांगी, लेकिन बोगस ग्राहक बने शाहिद अली से मोलभाव के बाद सौदा 3,10,000 रुपये नगद में तय हुआ।
इसके बाद गलतागेट थाना क्षेत्र में आरोपी से सौदेकी रकम 3 लाख 10 हजार रुपये भी सौंप दी गई। उक्त रकम में ऊपर नीचे के दोनों असली थे बाकी सभी नोट भारतीय मनोरंजन बैंक के थे। जिसे बाद में थाना पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद कर लिए।
मूर्ति को देखने पर उसके सोने की नहीं होने का संदेह स्पष्ट हुआ। इसके बाद टीम ने तत्काल आरोपी को मौके पर ही दस्तयाब कर लिया। संबंधित पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा के समन्वय से गलतागेट थानाधिकारी धर्मेन्द्र शर्मा को सूचना दी गई। गलतागेट थाना पुलिस के जाप्ते की मदद से सूरजपोल अनाज मंडी के सामने आरोपी अब्दुल कादिर निवासी सलेमपुर, करौली को पकड़कर गिरफ्तार करवाया गया और आगे की कार्रवाई के लिए थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में अब्दुल कादिर ने बताया कि सौदा पक्का होने के बाद मंगलवार 8 सितंबर की रात शहजाद के कहने पर अब्दुल समद ने अब्दुल कादिर को मूर्ति की डिलीवरी देने जयपुर भेजा। और इस काम के बदले उसे 10,000 रुपये मिलने थे
*मूर्ति की प्राचीनता और असली धातु की होगी जांच*
बरामद भगवान की मूर्ति को पुरातत्व विभाग के विशेषज्ञों से परीक्षण कराया जाएगा। परीक्षण के बाद यह स्पष्ट होगा कि मूर्ति कितनी पुरानी है, किस धातु की बनी है और इसका कोई ऐतिहासिक अथवा पुरातात्विक महत्व है या नहीं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि मूर्ति उसे कहां से मिली और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह या नेटवर्क सक्रिय है। साथ ही मूर्ति की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
*टीम की रही अहम भूमिका*
सम्पूर्ण कार्रवाई में सीआईडी (सीबी) के उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा कुशल नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक दुष्यन्त सिंह और हेड कांस्टेबल शाहिद अली की विशेष भूमिका रही। हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कृष्ण गोपाल और कुलदीप सिंह का भी सराहनीय योगदान रहा।
गलतागेट थाना पुलिस की ओर से थानाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल विजय और राजू सिंह ने सहयोग किया।
#OperationBhagwanVishnu #JaipurPolice #RajasthanPolice #CIDCB #JaipurNews #CrimeUpdate #RajasthanNews #TheChiefReporter
0 Response to " OperationBhagwanVishnu: जयपुर में प्राचीन सोने की मूर्ति का झांसा देकर ठगी करने वाला दबोचा"
एक टिप्पणी भेजें