Rajasthan: एसीबी का ट्रिपल एक्शन, झुंझुनूं, कोटा और झालावाड़ में कार्रवाई
सोमवार, 5 अक्टूबर 2026
Comment
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की झुंझुनूं इकाई ने चिड़ावा में एवीवीएनएल की कनिष्ठ अभियंता दीपिका को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा है। ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एक शिकायत मिली थी कि कृषि कनेक्शन की विद्युत लाइन को बदलवाने की एवज में जेईएन दीपिका रिश्वत मांग रही है। शिकायत के सत्यापन में जेईएन ने 25 हजार रुपए मांगे और परिवादी के निवेदन करने पर 15 हजार रुपए लेने पर सहमति दी। महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार पूनियां के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुरेश चन्द ने टीम के साथ ट्रेप कार्यवाही करते हुए जेईएन दीपिका को परिवादी से 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा लिया। कार्यवाही के दौरान रिश्वत राशि जेईएन की ऑफिस टेबल की दराज से बरामद कर ली गई है।
कोटा नगर निगम का एक संविदाकर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार, एक फरार
एंटी करप्शन ब्यूरो टीम ने कोटा नगर निगम के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया, जबकि ट्रेप कार्यवाही की भनक लगते ही दूसरा आरोपी संविदाकर्मी नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत मकान निर्माण के लिए प्राप्त धनराशि की प्रथम किश्त 50 हजार रुपए में से नगर निगम कोटा के संविदाकर्मी अखिलेश मीणा 10 हजार रुपए और नरेश वर्मा 5 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे थे। रिश्वत नहीं देने पर आगामी किश्तें स्वीकृत नहीं होने देने की धमकी दे रहे थे। एसीबी टीम ने अखिलेश मीणा को नगर निगम के बाहर परिवादी से 10 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ लिया,जबकि ट्रेप की भनक लगते ही नरेश वर्मा मौके से फरार हो गया।
अन्नपूर्णा रसोई के भुगतान को मांगी बंधी, एमआईएस मैनेजर को पकड़ा
एसीबी टीम ने झालावाड़ में जिला परिषद में संविदा पर लगे एमआईएस मैनेजर जयराम वर्मा को 3 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जयराम बकानी तहसील में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसाई का भुगतान करने की एवज में संचालिका से प्रति माह 3 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा था। इस माह की बंधी लेते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
0 Response to "Rajasthan: एसीबी का ट्रिपल एक्शन, झुंझुनूं, कोटा और झालावाड़ में कार्रवाई"
एक टिप्पणी भेजें