
Rajasthan BJP: चुनावी साल में भाजपा ने बनाई आक्रामक रणनीति, जानिए पूरा प्लान
रविवार, 2 जुलाई 2023
Comment
जयपुर। चुनावी साल में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा ने आक्रामक रणनीति के साथ सड़क पर उतरने की तैयारी कर ली है। महिला अत्याचार, किसान कर्ज माफी, युवा बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा जुलाई में प्रदर्शन करेगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बताया कि जयपुर, अजमेर और झुंझुनूं में विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार की कुनीतियों को उजागर किया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा ने बताया कि 5 जुलाई को महिला उत्पीडन और अत्याचार के खिलाफ जयपुर में प्रदेश भर की महिलाएं विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगी। वहीं 12 जुलाई को झुंझुनूं में किसान कर्जमाफी और वादाखिलाफी को लेकर किसान समुदाय गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। 18 जुलाई को अजमेर में युवाओं के साथ बेरोजगारी भत्ते की वादाखिलाफी और पेपर लीक का जख्म देने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ युवा विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कुंभकरणीय नींद में सो रही प्रदेश सरकार को जगाएंगी महिलाएं
5 जुलाई को जयपुर में महिलाओं के प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। राहटकर ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त जंगलराज, भ्रष्टाचार और महिला अत्याचार चरम पर है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में राजस्थान एक नंबर पर हैं। वीरांगनाओं की धरती पर महिलाओं के खिलाफ इतनी दयनीय स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इन सभी घटनाओं को लेकर प्रदेशभर की महिलाओं में रोष व्याप्त है। राहटकर ने कहा कि पांच जुलाई का विरोध प्रदर्शन प्रदेश की गहलोत सरकार को उखाड फेंकने का काम करेगा। इस विरोध प्रदर्शन में बडी संख्या में प्रदेश से महिलाएं भाग लेंगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा कपिल मिश्रा, प्रदेश भाजपा महामंत्री एंव सांसद दीया कुमारी, सांसद जसकौर मीणा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकांता मेघवाल, विधायक अनिता भदेल, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी और जिला प्रमुख रमा चौपडा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रही।
0 Response to "Rajasthan BJP: चुनावी साल में भाजपा ने बनाई आक्रामक रणनीति, जानिए पूरा प्लान"
एक टिप्पणी भेजें